*कलेक्टर की संवेदनशील पहल, 18 घंटे की मेहनत के बाद 2400 गौवंश को मिला सुरक्षित आशियाना* पत्रकार अशोक सोनी बरेली नर्मदापुरम। प्रशासनिक जिम्मेदारी जब संवेदना से जुड़ती है, तो एक अभियान सिर्फ सरकारी आदेश नहीं रहता, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। सिवनी मालवा क्षेत्र में ऐसा ही एक उदाहरण देखने को मिला, जहां निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए प्रशासन, गौसेवकों और ग्रामीणों ने मिलकर एक बड़ा अभियान पूरा किया। सड़कों पर भटकते गौवंश कई बार दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं और खुद भी खतरे में रहते हैं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में गौवंश संरक्षण की विशेष पहल शुरू की गई। इस अभियान के तहत लगभग 2400 निराश्रित गौवंश को सुरक्षित रूप से ग्राम बांदर खो स्थित आचार्य विद्यासागर दयोदय गौशाला पहुंचाया गया। यह कार्य आसान नहीं था। कई दिनों की तैयारी, ग्रामीणों से संवाद और व्यवस्थाओं के बाद 11 जुलाई को सुबह शुरू हुई यात्रा देर रात तक जारी रही। लगभग 40 किलोमीटर की इस यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गौसेवकों और ग्रामीणों ने मिलकर जिम्मेदारी निभाई। अनुविभागीय अधिकारी सहित प्रशासनिक अमला भी लगातार 18 घंटे तक इस अभियान से जुड़ा रहा। सड़क किनारे बेसहारा घूमने वाले गौवंश को अब सुरक्षित स्थान, देखभाल और संरक्षण मिल सकेगा। साथ ही मुख्य मार्गों पर होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। कानून व्यवस्था और योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील जिम्मेदारी निभाना भी उसका हिस्सा है। 2400 गौवंश को मिला आश्रय, लेकिन इससे भी बड़ी बात यह है कि एक सोच को नई दिशा मिली जब इच्छाशक्ति हो तो व्यवस्था में बदलाव संभव है।