स्वच्छ भारत अभियान: देवनगर में सफाई व्यवस्था बेहाल, स्कूली बच्चों के लिए कीचड़ बनी मुसीबत

गैरतगंज। जनपद पंचायत गैरतगंज के ग्राम पंचायत देवनगर में स्वच्छ भारत अभियान का जमीनी हकीकत में कहीं अता-पता नहीं है। पिछले कई महीनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने के कारण गांव की गलियां और मुख्य मार्ग कचरे के ढेर में तब्दील हो गए हैं। आलम यह है कि जरा सी बारिश में ही चोक नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है, जिससे ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।

सड़कों पर बह रहा गटर का पानी

ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत प्रशासन की उदासीनता के चलते नालियों की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। नतीजतन, नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं। मामूली बारिश में नाली का गंदा पानी सड़कों पर आ जाता है, जिससे मोहल्लों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।

स्कूली बच्चे हो रहे चोटिल

सबसे ज्यादा दिक्कत कन्या प्राथमिक शाला जाने वाले मार्ग पर है। भारी कीचड़ और गंदगी के कारण छोटे बच्चे स्कूल आते-जाते समय अक्सर फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे उनके कपड़े खराब होने के साथ ही चोटिल होने का डर भी बना रहता है। अभिभावकों ने इसे लेकर खासी नाराजगी जताई है।

सरपंच की अपनी कालोनियों में भी उपेक्षा

ग्रामीणों का कहना है कि देवनगर के वर्तमान सरपंच द्वारा विकसित की गई 'प्रेम नगर' और 'शिक्षक कॉलोनी' में भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जब कालोनियों का हाल ऐसा है, तो पूरे गांव की दुर्दशा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

"पंचायत में नियमित सफाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। कई बार मांग करने के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो हमें विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।"

— ग्रामीण, ग्राम पंचायत देवनगर