गैरतगंज: वार्ड नंबर 13 के तहसील कॉलोनीवासी कीचड़ और गंदगी से त्रस्त, जिम्मेदार बेखबर

गैरतगंज: नगर परिषद गैरतगंज के वार्ड नंबर 13 स्थित तहसील कॉलोनी के निवासियों का जीवन इन दिनों नारकीय बना हुआ है। कीचड़ और गंदगी के बीच रहने को मजबूर लोग प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से बेहद आक्रोशित हैं।

सालों से बदहाल, नहीं हो रही सुनवाई

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि वे कई वर्षों से कीचड़ और बदबू के बीच रहने को मजबूर हैं। इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय पार्षद से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार उन्हें कोरे आश्वासन ही मिले हैं। वार्ड वासियों का कहना है कि "तारीख बदली, साल बदले, पार्षद और अध्यक्ष भी बदले, लेकिन हमारी तकदीर नहीं बदली।"

मुख्य मार्ग से मात्र 500 मीटर की दूरी पर बदहाली

तहसील कॉलोनी के निवासियों का दर्द बयां करते हुए एक नागरिक ने कहा कि, "कहने को तो हम मुख्य बस स्टैंड से मात्र 500 मीटर की दूरी पर रह रहे हैं, लेकिन नगर परिषद की घोर उपेक्षा के कारण हमारा जीवन सुदूर ग्रामीण अंचलों से भी बदतर हो गया है।"

वार्ड वासियों में भारी आक्रोश

लंबे समय से उपेक्षा के शिकार निवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस सड़क और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो उन्हें मजबूरन उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। वार्ड के लोग अब नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों से त्वरित समाधान की मांग कर रहे हैं।