गैरतगंज: सईदपुर में भ्रष्टाचार का 'दोहरा प्रहार', पंचायत भवन के साथ सीसी सड़क निर्माण में भी जमकर धांधली
गैरतगंज (रायसेन)
जनपद पंचायत गैरतगंज के ग्राम पंचायत सईदपुर में सरकारी धन की लूट मची है। पंचायत भवन के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार के मामले के बाद अब सीसी सड़क निर्माण में भी घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायतों ने विकास के दावों की पोल खोल दी है। ठेकेदार और सरपंच की मिलीभगत से जनता की गाढ़ी कमाई को मिट्टी में मिलाया जा रहा है।
लाखों का भवन, निर्माण से पहले ही ढहने की कगार पर
सईदपुर में 37 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बन रहे पंचायत भवन की स्थिति बेहद चिंताजनक है। मानक विहीन सामग्री के उपयोग के चलते यह निर्माणाधीन इमारत अभी से अपनी उम्र पूरी करती दिख रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण में गुणवत्ता के सारे मानदंडों को दरकिनार कर दिया गया है, जिससे यह इमारत बनने से पहले ही 'शहीद' होती नजर आ रही है।
सीसी सड़क में भी मानक विहीन काम, कमीशनखोरी का खेल
भवन के साथ-साथ गांव में बन रही सीसी सड़कें भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण में न तो उचित अनुपात में सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है और न ही आधार (बेस) को मजबूत बनाया गया है। नतीजा यह है कि सड़कें अभी से उखड़ने लगी हैं। ग्रामीणों ने इसे सीधे तौर पर कमीशनखोरी का खेल बताते हुए कहा है कि सरकारी गाइडलाइंस को ताक पर रखकर घटिया सड़कें बनाई जा रही हैं, जो कुछ ही महीनों में टूटकर फिर से गड्ढों में तब्दील हो जाएंगी।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: अब नहीं सहेंगे भ्रष्टाचार
सईदपुर के ग्रामीणों ने एक स्वर में इस धांधली का विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच और ठेकेदार ने विकास को अपनी कमाई का जरिया बना लिया है। उन्होंने चेताया है कि यदि प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप नहीं किया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने शासन से निम्नलिखित मांगें की हैं:
उच्च स्तरीय जांच: पंचायत भवन और निर्माणाधीन सीसी सड़कों की गुणवत्ता की जांच किसी बाहरी तकनीकी टीम से कराई जाए।
रिकवरी और एफआईआर: घटिया निर्माण में संलिप्त सरपंच और संबंधित एजेंसी (ठेकेदार) पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उनसे सरकारी राशि की वसूली की जाए।
ब्लैकलिस्ट: निर्माण में धांधली करने वाली एजेंसी को तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाए।
सईदपुर की यह बदहाल तस्वीर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब देखना यह है कि क्या जिला प्रशासन इन भ्रष्ट तंत्रों पर लगाम लगाता है या शिकायतों को फाइल में ही दबा दिया जाएगा।
इनका कहना है: मामला संज्ञान में आया है सब इंजीनियर को भेजा है जांच करवा कर वैधानिक कार्यवाही करेंगे
"नरेश कुमार ठाकरे"
सहायक यंत्री जनपद पंचायत गैरतगंज
Continue With Google
Comments (0)