जनपद पंचायत गैरतगंज: ग्राम पंचायत सईदपुर में 'कागजी विकास' का खेल, बिना काम किए आहरण की जा रही सरकारी राशि
गैरतगंज। जनपद पंचायत गैरतगंज की ग्राम पंचायत सईदपुर में विकास कार्यों के नाम पर एक बड़े घोटाले की चर्चा जोरों पर है। ग्रामीणों का आरोप है कि धरातल पर कोई विकास कार्य नहीं हुआ है, लेकिन 'पंचायत दर्पण' पोर्टल पर फर्जी बिल अपलोड कर लाखों रुपयों की सरकारी राशि का आहरण किया जा रहा है।
स्वच्छता के नाम पर भ्रष्टाचार, गांव में फैली गंदगी
पंचायत में कागजों पर तो नियमित साफ-सफाई के बिल लगाए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। खामखेड़ा गांव के निवासियों का कहना है कि गांव की गलियां और नालियां कचरे और जलभराव से पटी पड़ी हैं। गंदगी के कारण बदबू और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार, बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं और सरपंच पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
स्कूली बच्चों की राह में कीचड़ का संकट
इस अव्यवस्था का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। खामखेड़ा के स्कूली बच्चों ने बताया कि रास्ते में भारी कीचड़ होने के कारण उन्हें रोज संघर्ष करना पड़ता है। आए दिन बच्चे फिसल कर गिरते हैं, जिससे उनकी यूनिफॉर्म और किताबें खराब हो जाती हैं। राहगीरों और बुजुर्गों के लिए भी इस रास्ते से निकलना दूभर हो गया है।
ग्रामीणों का दर्द: "कागज पर चकाचक, हकीकत में बदहाल"
ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा, "हमारे गांव में सफाई की कोई नाममात्र की व्यवस्था नहीं है। नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं, लेकिन सरपंच के रिकॉर्ड में सबकुछ चकाचक दिखाया जा रहा है। यदि निष्पक्ष जांच हो, तो सारा सच सामने आ जाएगा।"
सीईओ की चुप्पी पर उठे सवाल
सरकारी खजाने को चूना लगाने के इस मामले में जब हमारे संवाददाता अवनीश शर्मा ने जनपद पंचायत सीईओ से उनका पक्ष जानना चाहा, तो उन्होंने इस विषय पर कुछ भी बोलने से साफ परहेज किया। जिम्मेदार अधिकारियों की यह खामोशी भ्रष्टाचार के आरोपों को और पुख्ता कर रही है।
हमारी मांग: ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। यदि फर्जीवाड़े की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
Continue With Google
Comments (0)