दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा का पत्ता कटने से भाजपा में भारी बगावत, सड़कों पर उतरे समर्थक
विशेष संवाददाता, दतिया
10 जुलाई 2026
दतिया। मध्य प्रदेश की हाई-प्रोफाइल सीट दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आशुतोष तिवारी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद स्थानीय सियासत में भूचाल आ गया है। पूर्व गृहमंत्री और इस सीट पर प्रबल दावेदार माने जा रहे डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटे जाने से नाराज उनके समर्थकों ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार शाम सूची जारी होते ही दतिया की सड़कों पर भारी बवाल और उग्र प्रदर्शन शुरू हो गया।
सड़कों पर उतरा आक्रोश, बाजार बंद कराकर चक्काजाम
टिकट कटने की खबर फैलते ही पूर्व गृहमंत्री के सैकड़ों आक्रोशित समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। उग्र कार्यकर्ताओं ने दतिया के मुख्य बाजारों को जबरन बंद करा दिया और मुख्य चौराहों पर चक्काजाम कर दिया। आलाकमान के फैसले से नाराज कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।
हालात बेकाबू होते देख प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया है। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का साफ कहना है कि यदि पार्टी ने तत्काल अपना फैसला वापस नहीं लिया और नरोत्तम मिश्रा को उम्मीदवार घोषित नहीं किया, तो वे सामूहिक रूप से पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।
नरोत्तम का कटा पत्ता, रेस से बाहर के चेहरे को मिली कमान
इस उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा की उम्मीदवारी लगभग तय मानी जा रही थी। मिश्रा खुद क्षेत्र में सक्रिय थे और उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था। नरोत्तम के अलावा पैनल में अवधेश नायक और घनश्याम सिंह के नामों पर चर्चा चल रही थी, लेकिन अंतिम समय में केंद्रीय नेतृत्व ने पूरी तरह से रेस से बाहर चल रहे पूर्व संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान कर सभी को चौंका दिया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी ने जमीनी फीडबैक और सीक्रेट सर्वे के आधार पर चेहरा बदलने का यह बड़ा और कड़ा फैसला लिया है।
अब कांग्रेस के पत्तों पर टिकी नजरें
भाजपा द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अब सारा दारोमदार मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर टिक गया है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के परिवार से उनकी पत्नी या बेटे को कांग्रेस मैदान में उतार सकती है। हालांकि, कई अन्य स्थानीय नेता भी अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। माना जा रहा है कि देर रात तक कांग्रेस भी अपने पत्ते खोल सकती है।
चुनावी रण का पूरा टाइमटेबल:
नामांकन की आखिरी तारीख: 13 जुलाई 2026 (सोमवार)
नामांकन पत्रों की जांच: 14 जुलाई 2026 (मंगलवार)
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 16 जुलाई 2026 (गुरुवार)
मतदान की तारीख: 30 जुलाई 2026 (गुरुवार)
मतगणना एवं परिणाम: 03 अगस्त 2026 (सोमवार)
समूची निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 तक संपन्न करा ली जाएगी। बगावत के इस दौर में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा इस अंदरूनी कलह को कैसे शांत करती है।
Continue With Google
Comments (0)