शराब ठेके के CCTV में सब दिखता है, बस गांव जाती गाड़ी नहीं दिखती - आबकारी विभाग की भूमिका पर सवाल पत्रकार अशोक सोनी बरेली रायसेन जिले में खुलेआम गांव गांव शराब बरेली । गुरारिया। ग्राम गुरारिया में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं के आक्रोश के बीच सबसे बड़ा सवाल शराब ठेकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों पर उठ रहा है। हर लाइसेंसी शराब ठेके पर शासन के निर्देश पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इन कैमरों की फुटेज आबकारी विभाग और पुलिस सीधे देख सकती है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब शराब दुकान पर मामूली लड़ाई-झगड़ा होता है, तो ठेकेदार तत्काल उसी सीसीटीवी का फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा देता है, तो फिर उसी कैमरे के सामने से दिन-दहाड़े निकलने वाली शराब से भरी बुलेरो और बाइकों पर जा रही पेटियां क्यों नहीं दिखाई देतीं? आबकारी विभाग की भूमिका संदेह के घेरे में ग्रामीणों का आरोप है कि बिना ठेके से माल निकले गांव-गांव में शराब पहुंच ही नहीं सकती। ठेके पर लगे सीसीटीवी फुटेज की अगर ईमानदारी से जांच कर ली जाए तो पुलिस और आबकारी विभाग को कहीं जाने की जरूरत ही नहीं है, पूरी सप्लाई चेन सामने आ जाएगी। लेकिन विभाग सिर्फ सड़क पर मोटरसाइकिल रोकने और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई तक सीमित है। इस मिलीभगत का खामियाजा सबसे ज्यादा गरीब परिवार भुगत रहे हैं। "शराब के कारण गांव का शांतिप्रिय माहौल बिगड़ गया है। मजदूरी करने वाला आदमी शाम को अपनी कमाई शराब में उड़ा देता है, घर में बच्चों के लिए खाने तक को नहीं बचता। नशे में लड़ाई-झगड़ा, चोरी और महिलाओं से बदतमीजी आम हो गई है।" - ग्राम गुरारिया की महिलाओं ने आवेदन में बताया। इसी पीड़ा को लेकर गुरारिया की महिलाओं ने थाना बरेली पहुंचकर थाना प्रभारी कपिल गुप्ता को आवेदन सौंपा और मथुरा प्रसाद एवं सुरेश धाकड़ पर अवैध बिक्री व गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी घटना होने से रोकी नहीं जा सकेगी। उल्लेखनीय है कि बरेली ग्रामीण और नर्मदा किनारे के गांवों में यह खेल लंबे समय से चल रहा है। पूर्व में ग्राम अलीगंज में ग्रामीणों ने खुद ही बड़ी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी थी। ग्रामीणों की 3 मांगें: 1. पिछले 15 दिनों के सभी ठेकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए 2. आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच हो 3. गांव में अवैध रूप से बिक रही शराब पर तत्काल छापेमारी