औबेदुल्लागंज पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई नकबजनी, चार आरोपी गिरफ्तार, दो लाख के आभूषण बरामद पत्रकार अशोक सोनी बरेली रायसेन। औबेदुल्लागंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नकबजनी की वारदात का चंद घंटों में खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए करीब 2 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को ग्राम हिरानिया निवासी फरियादी ने थाना औबेदुल्लागंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर के अंदर वाले कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश गोदरेज अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास जांच की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। साथ ही उनसे अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू पिता मांगीलाल कुचबंदिया, समीर पिता लियाकत खां, सीजन उर्फ सीजान पिता शहजादे खां तथा एक विधि विरुद्ध बालक शामिल हैं। सभी औबेदुल्लागंज के अर्जुन नगर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस जांच में आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से चोरी, मारपीट एवं अन्य गंभीर अपराध दर्ज होना भी सामने आया है। इस कार्रवाई में एसडीओपी औबेदुल्लागंज श्रीमती शीला सुराणा, थाना प्रभारी निरीक्षक बी.पी. सिंह, उप निरीक्षक संजीव त्यागी, प्रधान आरक्षक पंकज चौधरी, ऋषभ यादव, राजू चौहान एवं रवि नरवरिया की सराहनीय भूमिका रही।