*इटारसी में बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का आक्रोश, पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने दी आंदोलन की चेतावनी* *पत्रकार अशोक सोनी बरेली* * *चाकूबाजी और आपराधिक घटनाओं पर एसपी को सौंपा ज्ञापन, बोले- जनता में डर का माहौल खत्म करना पुलिस की जिम्मेदारी* इटारसी। शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर अब राजनीतिक विरोध के स्वर भी तेज होने लगे हैं। नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी ने जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शहर की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई और ज्ञापन सौंपा। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने एसपी से मुलाकात कर कहा कि इटारसी जैसे महत्वपूर्ण और शांत शहर में लगातार हो रही घटनाओं से आम नागरिकों में भय का वातावरण बन रहा है। लोगों में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं कि दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं डर रहे। पुष्पराज पटेल ने कहा कि पुलिस प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे अपराध करने वालों में कानून का डर दिखाई दे। उन्होंने कहा कि केवल घटना के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराध रोकने के लिए पहले से प्रभावी रणनीति बनाना जरूरी है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, पुराने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया और जनता को सुरक्षा का भरोसा नहीं मिला तो कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि शहर की शांति और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन को जनता की चिंता को गंभीरता से लेते हुए ठोस कदम उठाने होंगे। ज्ञापन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इटारसी की पहचान एक शांत और सुरक्षित शहर के रूप में रही है, जिसे बनाए रखना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन जल्द ही अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाएगा।
अपराध पर होगा नियंत्रण
अपराधी हो जाए सावधान
Continue With Google
Comments (0)