जनता को पिलाने के वादे किए थे या बेचने के? खादी की साख पर लगा बट्टा, जनपद सदस्य तस्करी करते गिरफ्तार
सिलवानी: रायसेन जिले के सिलवानी में आज जो खबर सामने आई है, उसने पूरे क्षेत्र की राजनीति में भूचाल ला दिया है। खादी का चोला पहनकर जनता की सेवा का दम भरने वाले एक जनप्रतिनिधि का चेहरा तब बेनकाब हो गया, जब वे अवैध शराब की तस्करी करते हुए पुलिस के जाल में फंस गए। मामला गैरतगंज जनपद के वार्ड नंबर 5, समनापुर कलां का है, जहाँ के जनपद सदस्य संजू कलावत को पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
रात के अंधेरे में 'विकास' का खेल
घटना 17-18 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात की है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि बम्होरी की तरफ से गैरतगंज की ओर एक बोलेरो पिकअप वाहन (MP09GJ0664) में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सिलवानी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई और थाना प्रभारी के नेतृत्व में बजरंग चौराहा सिलवानी के पास घेराबंदी की गई। जब पिकअप वाहन वहाँ पहुँचा, तो पुलिस ने उसे रुकवाया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से 82 पेटी (देशी व अंग्रेजी) शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 735 लीटर है और बाजार में इसकी कीमत करीब 4 लाख 17 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही, 6 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के जाल में फंसे 'माननीय'
इस कार्रवाई में जनपद सदस्य संजू कलावत पिता सुरेश कलावत (उम्र 28 वर्ष) और उनके साथी सोनू यादव पिता राजू यादव (उम्र 33 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम समनापुर कलां, थाना गैरतगंज, को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी की जांबाज टीम का कमाल
पुलिस अधीक्षक रायसेन श्री आशुतोष गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक नायक के मार्गदर्शन में, एसडीओपी सिलवानी श्री कुंवर सिंह मुकाती के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इस पूरी सफलता का श्रेय थाना प्रभारी निरीक्षक संजीत परते और उनकी सक्रिय टीम को जाता है।
इस धाकड़ कार्रवाई में उप निरीक्षक अभिषेक खरे, सहायक उप निरीक्षक हरिऔम चौबे, भोजपाल शर्मा, प्रधान आरक्षक विनोद रघुवंशी, शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक विक्रम सिंह, अमित भार्गव, रजनीकांत कुर्मी, विनय कुमार, अंकित खटीक और सैनिक अजय राजपूत व लखन ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस सख्ती ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून के आगे पद और रसूख कोई मायने नहीं रखता। अब हमारे ये 'माननीय' जी और उनके साथी सलाखों के पीछे बैठकर अपनी अगली 'रणनीति' तय कर रहे हैं, क्योंकि इस बार जनता को पिलाने के चक्कर में खुद 'पिलाए' गए हैं।
Continue With Google
Comments (0)