एक पड़ाव और… एक नई जिम्मेदारी पत्रकार अशोक सोनी बरेली पुलिस सेवा की मेरी यात्रा में आज एक महत्वपूर्ण पड़ाव जुड़ा। मुझे उप पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नति प्राप्त हुई। यह क्षण मेरे लिए केवल पदोन्नति का नहीं, बल्कि अब तक की पूरी यात्रा को स्मरण करने और उन सभी लोगों के प्रति कृतज्ञ होने का अवसर है, जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया। सबसे अधिक भावुक करने वाला संयोग यह है कि पितृपक्ष के पावन दिनों में मुझे यह प्रशस्ति मिली। आज अपने पूज्य स्वर्गीय पिताजी, अमर बलिदानी निरीक्षक श्री वीर सिंह सप्रे जी, का पुण्य स्मरण करते हुए मैं इस उपलब्धि को उनकी पुण्याई, संस्कारों और आशीर्वाद का फल मानता हूं। पिताजी ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके जीवन और कर्तव्यनिष्ठा की छाप मेरे जीवन पर हमेशा रही है। आज जब सेवा में एक नया दायित्व मिला है, तो मन में यही भाव है कि उनके दिखाए कर्तव्य और निष्ठा के मार्ग पर चलने का प्रयास करता रहूं। पुलिस सेवा का अब तक का सफर आसान नहीं रहा। चुनौतियां आईं, संघर्ष आए और कई कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। लेकिन हर मोड़ पर परिवार का अटूट संबल मिला। मित्रों, छोटे-बड़े भाइयों और शुभचिंतकों ने भी अनेक अवसरों पर मुझे संभाला, मेरा मनोबल बढ़ाया और आगे बढ़ने की शक्ति दी। सेवा के दौरान मिले वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन मिला, सहकर्मियों से सीखने का अवसर मिला और अलग-अलग पदस्थापनाओं पर थानों एवं इकाइयों के साथियों से कार्य का व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ। मेरी इस यात्रा को बेहतर बनाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति मैं हृदय से कृतज्ञ हूं। आज जिम्मेदारी बढ़ी है, इसलिए संकल्प भी उतना ही दृढ़ है। ईमानदारी से कर्तव्य निभाऊंगा, निष्ठा से जिम्मेदारी स्वीकार करूंगा और हर परिस्थिति में सेवा की गरिमा बनाए रखने का प्रयास करूंगा। ईश्वर से केवल यही प्रार्थना है कि जीवन की इस यात्रा में मुझे जो भी भूमिका और दायित्व मिले, मैं उसके साथ न्याय कर सकूं। मेरे कर्म मेरे परिवार, मेरे संस्कारों और मेरी वर्दी, तीनों का सम्मान बनाए रखें। पिताजी को विनम्र श्रद्धांजलि। परिवार, वरिष्ठजनों, सहकर्मियों, मित्रों और सभी शुभचिंतकों को हृदयतल से प्रणाम एवं आभार।