*21 दिन की भूख, एक सवाल और पूरा देश, सोहागपुर की बेटी कृतिका दुबे की कविता ने व्यवस्था से पूछा "मेरा देश महान, किस मान से?* *पत्रकार अशोक सोनी बरेली* *सोहागपुर की बेटी ने कलम उठाई है अब देखना यह है कि समाज उसके सवालों को कितनी गंभीरता से सुनता है।* *सोहागपुर की बेटी ने लिखी ऐसी कविता कि देश से पूछ लिए कई सवाल* सोहागपुर की पहचान सिर्फ़ उसकी मिट्टी, नर्मदा अंचल या संस्कृति से नहीं है। इस मिट्टी ने हमेशा ऐसे बेटे-बेटियों को जन्म दिया है, जिन्होंने अपने शब्दों और सोच से समाज को आईना दिखाने की कोशिश की है। आज ऐसी ही एक बेटी का नाम चर्चा में है कृतिका दुबे। मैं किसी कविता का फैसला सुनाने नहीं बैठा हूँ। लेकिन जब एक बेटी अपनी कलम से समाज, शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर सवाल लिखती है, तो उन सवालों को पढ़ना और समझना भी ज़रूरी हो जाता है। कृतिका दुबे की कविता मेरा देश महान किसी नारे से शुरू नहीं होती, बल्कि एक टीस से शुरू होती है। उसमें एक युवा मन की बेचैनी है, उम्मीद है और व्यवस्था से जवाब की अपेक्षा है। मैं सिर्फ़ इतना कहना चाहता हूँ कि किसी भी लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं होना चाहिए। कविता से सहमत होना या असहमत होना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन किसी युवा की अभिव्यक्ति को सुनना भी उतना ही ज़रूरी है। सोहागपुर की इस बेटी ने अपनी कलम से जो लिखा है, वह केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि एक सोच है। हो सकता है हर कोई उस सोच से सहमत न हो, लेकिन इतना तय है कि उसने लोगों को सोचने पर मजबूर किया है। *मेरा देश महान* *लद्दाख का पावन पानी देखो, दिल्ली आकर सूखा है।* स्याही सूखी भी न थी अभी, सपनों का रंग उतर गया, नीट नहीं, विश्वास देश का हर पल जैसे बिखर गया। कल पूछ रहा है मासूम मन — "हारूँ किसके भाग से?" न्याय हमारा हार गया क्या, कुर्सी के अनुराग से? तपती ज़मीं पर बैठा वो, इक्कीस दिनों से भूखा है, लद्दाख का पावन पानी देखो, दिल्ली आकर सूखा है। "मेरा देश महान" कहें हम, किस मुख से, किस मान से? जब छात्र न्याय माँगें अपने ही हिंदुस्तान से। कल तख़्त भले ही चमकेंगे, पर उजियारा खो जाएगा, जब केवल नाम बचेंगे, शिक्षा पर जाला छा जाएगा। सोनम केवल नाम नहीं, जागी हुई मशाल है, क्या शिक्षा की कीमत अब, केवल सियासत का सवाल है? शरीर भले ही टूट रहा हो, हिम्मत लेकिन पायंदा है, सत्ता चाहे मौन रहे, सच फिर भी शर्मिंदा है। भोर तले जो घेरा डाला सूने जंतर-मंतर पर, वो डर तुम्हारा दिखता है, जो सफ़ेद चादर के भीतर है। उठो कलमकारों, अब अपनी हुंकार भरो, जो सोई हुकूमत है, उसके कानों पर वार करो। सोनम की यह भूख अब इंक़लाब बन जाए, काग़ज़ के इन चोरों का सच भी जग के सामने आए।