खेत में मिला भाभी का शव, पास के पेड़ पर फंदे से लटका मिला देवर
गैरतगंज (रायसेन)।
गैरतगंज तहसील के ग्राम पिपरिया अमरसिंह में कल एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ खेत में एक महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई, वहीं कुछ ही दूरी पर उसके देवर का शव पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बेगमगंज जाने का बोलकर निकले थे घर से
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक सुनीता अहिरवार (भुजबल अहिरवार की पत्नी) और देवर मन्नू अहिरवार कल घर से यह कहकर निकले थे कि वे बेगमगंज जा रहे हैं। जब देर शाम तक दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने फोन लगाकर उनसे संपर्क किया। पहले मन्नू ने बताया कि वे शोभापुर में चाय पी रहे हैं। काफी समय बीतने के बाद जब वे घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने दोबारा फोन किया। तब सुनीता ने बताया कि खेत में भैंस घुस गई है और वह उसे भगाने जा रही है। इसके बाद दोनों के मोबाइल बंद हो गए।
खेत में पड़ा मिला शव
परिजनों ने संदेह होने पर खेत में जाकर देखा तो वहां सुनीता का शव पड़ा था। किसी अज्ञात आरोपी ने पत्थर से सिर कुचलकर उसकी नृशंस हत्या कर दी थी। वहीं, पास ही में देवर मन्नू का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से झूलता पाया गया।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतक सुनीता अहिरवार अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। सबसे बड़ी बेटी 5 साल की है, जबकि सबसे छोटा बेटा मात्र डेढ़ साल का है। माँ की असमय मौत से इन मासूमों के सिर से मां का साया उठ गया है।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही गैरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गैरतगंज सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर यह हत्या और आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है
Continue With Google
Comments (0)