शासकीय डॉ. आंबेडकर अनुसूचित जाति छात्रावास के विद्यार्थियों की मांगों पर प्रशासन का सकारात्मक आश्वासन


 

 


शासकीय डॉ. आंबेडकर अनुसूचित जाति छात्रावास, श्यामला हिल्स, भोपाल के विद्यार्थियों ने आज अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण विभाग के समक्ष छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर छात्रावास से कमिश्नर ऑफिस तक रैली निकाल कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्नातकोत्तर (PG) विद्यार्थियों को छात्रावास में प्रवेश एवं कम से कम 10 सीटें आरक्षित करने, छात्रावास की सभी 50 सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित करने, नवीनीकरण (Renewal) प्रक्रिया को पूर्व वर्षों की भांति सरल बनाने तथा छात्रावास में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित अन्य छात्रहित संबंधी मांगें रखी गईं।

ज्ञापन पर चर्चा के बाद CEO (AETW) श्री अमित राजोरिया द्वारा विद्यार्थियों को लिखित आश्वासन दिया गया।

लिखित आश्वासन के अनुसार—

- नवीनीकरण संबंधी समस्याओं एवं छात्रावास की मूलभूत सुविधाओं का निराकरण तत्काल प्रारंभ किया जाएगा।
- PG विद्यार्थियों के प्रवेश के संबंध में सोमवार को कलेक्टर महोदय के समक्ष सहायक आयुक्त की अध्यक्षता में Rule-2026 के प्रावधानों के अनुरूप विद्यार्थियों के हित में निर्णय लिया जाएगा।
- वर्तमान में 40 सीटों के स्थान पर विद्यार्थियों के हित में आवश्यक व्यवस्था करते हुए अधिकतम 50 सीटों पर प्रवेश की अनुशंसा की गई है।

इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उल्लिखित सभी समस्याओं एवं मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उनका यथाशीघ्र समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

विद्यार्थियों ने प्रशासन द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि वे प्रशासन को उचित समय देंगे और अपेक्षा करते हैं कि सभी आश्वासनों का शीघ्र एवं प्रभावी क्रियान्वयन होगा। साथ ही विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है, तो वे छात्रहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं विभाग की होगी।

विद्यार्थियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि अनुसूचित जाति के आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए बेहतर छात्रावास व्यवस्था एवं उच्च शिक्षा के अधिकार को सुनिश्चित कराना है।